Ticker

6/recent/ticker-posts

भामसं वंचित वर्गों के लिए संघर्ष करता है - दिनेश

 

राजनांदगांव। भारतीय मजदूर संघ के जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक गत् दिनों महावीर चौक स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर में कार्यरत भामसं से संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते भामसं के प्रदेश महामंत्री दिनेश पांडेय ने कहा कि भामसं देश के वंचित वर्गों के बीच जाकर उन्हें संगठित कर उनके लिए संघर्ष करता है। यही वजह है कि देश में भारतीय मजदूर संघ मजदूरों व कर्मचारियों का सबसे बड़ा संगठन बनकर उभरा है।

पांडेय ने कहा कि देश में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की एक बड़ी  संख्या कार्यरत है, देश की आबादी का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का माना गया है। वास्तव में ट्रेड यूनियन अधिकारों के लिए इनके बीच जाकर संघर्ष करने की आज की महती आवश्यकता है, जिसे भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व लगन के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होनें कहा कि श्रम कानूनों का असंगठित क्षेत्र में व्यापक उल्लंघन हो रहा है, न इन्हें न्यूनतम मजदूरी मिल पा रही है और न ही इनके सामाजिक सुरक्षा की कोई सुव्यवस्थित योजना है। इतना जरूर हुआ कि भारतीय मजदूर संघ के इस क्षेत्र में संघर्ष की वजह से मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा की कुछ योजनाएं जरूर संचालित हो रही है, किन्तु यह वर्तमान दौर में नाकाफी है। 

मजदूरों के सामाजिक सुरक्षा के लिए भारतीय मजदूर संघ देशभर में सघर्षरत है और इसके सुपरिणाम जरूर मिलेंगे। बैठक में भामसं के विभाग प्रमुख योगेशदत्त मिश्रा ने कहा कि जिले में असंगठित क्षेत्र में कार्य करने की काफी आवश्यकता है। भामसं कार्यकर्ता इस दिशा में आगे बढ़े, ताकि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को उनका हक दिलाया जा सके। बैठक का संचालन भामसं की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य सुदर्शन मानिकपुरी ने किया।

भारतीय मजदूर संघ के अनुसार इस दौरान सर्वसम्मित से जिला इकाई का चुनाव किया गया। जिसमें बिजली विभाग में कार्यरत लाखन सिंह कुशवाहा को जिला अध्यक्ष एवं छुरिया निवासी नरेश कुमार साहू को जिला मंत्री का दायित्व दिया गया। अन्य पदाधिकारियों में कार्यकारी अध्यक्ष कुहुपदास साहू, उपाध्यक्ष गजानंद मिश्रा व केशव सिन्हा, सहमंत्री जयप्रकाश साहू व ठाकुरराम यादव, कोषाध्यक्ष निर्मला साहू, महिला विभाग प्रमुख भारती शर्मा, मीडिया प्रभारी गोपालदास साहू, पर्यावरण प्रमुख जयप्रकाश साहू तथा कार्यसमिति में बबीता बाघमारे, संध्या हुमने, पोदास सार्वा, मिंटू साहू, बिरेन्द्र देवांगन, मुकुट साहू, यशवंत ठाकुर, चेतन साहू व राजेन्द्र निषाद के नाम शामिल किए गए।  बैठक में भामसं की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अलका व हरिशंकर चतुर्वेदी उपस्थित थे। इस दौरान बड़ी संख्या में भामस कार्यकर्ता व महिलाएं शामिल हुई।

Post a Comment

0 Comments